Adityapur: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास बुधवार को कार की मामूली टक्कर के बाद एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने बिना नंबर प्लेट की थार और स्कॉर्पियो से आए लोगों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़ित ने आदित्यपुर थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
टक्कर का विरोध करने पर बेसबॉल बैट और डंडों से किया हमला
शिकायतकर्ता साहिल नाग के अनुसार, वह परसुडीह से अपने काम के सिलसिले में आदित्यपुर आया था. पेट्रोल पंप के समीप अपनी स्विफ्ट डिजायर कार पार्क करते समय पीछे से आई एक बिना नंबर की थार ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो थार सवार ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और उन पर बेसबॉल बैट व डंडों से हमला कर उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया।
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग
घायल साहिल नाग ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि शुरुआती स्तर पर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की जा रही थी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो जाने की बात सामने आई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर छानबीन की जा रही है.