Jamtara News: जामताड़ा के मिहिजाम थाना क्षेत्र में पुलिस ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों को धमकाने और अवैध वसूली करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से हथियार, कारतूस, फर्जी पुलिस पहचान पत्र समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
एसडीपीओ वसीम रजा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को सूचना मिली थी कि मिहिजाम थाना क्षेत्र के कामगोई इलाके में एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों को डराता-धमकाता है. आरोप है कि वह अवैध वसूली करने के साथ युवतियों को भी झांसा देता था. सूचना के आधार पर मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया.
तलाशी में मिले हथियार और फर्जी पहचान पत्र
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी तलाशी ली. पुलिस के अनुसार, उसके पास से एक देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, चाकू, वॉकी-टॉकी, फर्जी JAP-05 पुलिस पहचान पत्र और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए. बरामद सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मिहिजाम थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर किन-किन लोगों को निशाना बनाया और उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं.