खेत से लौटे परिजनों को कमरे में फंदे से लटका मिला शव
मृतका की पहचान पूनम सुंडी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार मंगलवार सुबह नाश्ता करने के बाद परिवार के सभी सदस्य खेत में काम करने चले गए थे, जबकि पूनम घर पर अकेली थी. शाम को जब सभी लोग वापस लौटे तो घर के एक कमरे में उसका शव फंदे से लटका मिला
साड़ी का फंदा बनाकर छत के धरन से लटकने की आशंका
परिजनों ने बताया कि जिस कमरे में घटना हुई, उसका दरवाजा खुला था. आशंका है कि पूनम ने साड़ी का फंदा बनाकर उसे छत के धरन से बांधा और उसी के सहारे आत्महत्या कर ली. परिवार के लोगों ने तुरंत उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मंगलवार शाम मुफस्सिल थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की. इसके बाद बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया.
आत्महत्या की वजह अब तक सामने नहीं आई
परिजनों का कहना है कि पूनम ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है. परिवार के अनुसार घर में किसी प्रकार का विवाद या तनाव भी नहीं था. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद बड़ा गुइरा गांव में शोक का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों का पता चल सकेगा.