Seraikela: सिंहभूम (कोल्हान) प्रमंडल के आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम ने बुधवार को सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जैवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
लंबित मामलों को समय पर पूरा करने का निर्देश
आयुक्त ने प्रखंड और अंचल कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर लंबित मामलों, जनसेवा से जुड़े कार्यों और योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी लंबित कार्यों का तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यालयों में आने वाले लोगों को बेहतर, पारदर्शी और समय पर सेवा उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कर्मियों को आम जनता के साथ सहयोगात्मक और संवेदनशील व्यवहार रखने की भी बात कही।
शिकायतों की नियमित निगरानी के निर्देश
आयुक्त ने ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से प्राप्त शिकायतों तथा जनप्रतिनिधियों से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान करने को कहा। उन्होंने सभी मामलों की नियमित समीक्षा कर अद्यतन रिपोर्ट तैयार रखने का निर्देश अधिकारियों को दिया।
सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार बढ़ाने पर जोर
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने स्थानीय भाषा में योजनाओं का प्रचार करने और पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान को मजबूत करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
SIR-2026 की तैयारियों की भी हुई समीक्षा
बैठक के दौरान 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित होने वाले SIR-2026 के तहत ड्राफ्ट इलेक्ट्रोल रोल की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को मतदाता सूची से जुड़े आंकड़ों और दस्तावेजों का बारीकी से सत्यापन करने तथा पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के अंत में आयुक्त ने सभी अधिकारियों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जवाबदेह और परिणाम आधारित कार्यशैली अपनाने की अपील की।