Hazaribagh Encounter: हजारीबाग के बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल कोल ट्रांसपोर्टिंग रोड पर बुधवार देर रात पुलिस और कुख्यात प्रिंस खान के गुर्गों के बीच मुठभेड़ हो गई. दोनों ओर से हुई फायरिंग के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंग का एक शूटर पैर में गोली लगने से घायल हो गया. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया, जबकि उसके अन्य साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए.
रंगदारी की सूचना पर शुरू हुआ ऑपरेशन
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गैंग के सदस्य कोल ट्रांसपोर्टिंग रूट पर रंगदारी वसूलने और किसी बड़ी वारदात की तैयारी में जुटे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया.
पुलिस पर पहले की गई फायरिंग
पुलिस टीम जैसे ही चिन्हित जंगल क्षेत्र में पहुंची, पहले से घात लगाए अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. मुठभेड़ के दौरान एक शूटर गोली लगने से घायल हो गया, जिसे मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया.
जंगल में कॉम्बिंग अभियान जारी
मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. फरार अपराधियों की तलाश में जंगलों में लगातार कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी कर रही है.