Jharkhand Weather Update: झारखंड में आज मानसून पूरी तरह से सक्रिय रहेगा, जिससे बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव का असर राज्य भर में दिखाई देगा। मौसम विभाग ने १९ जिलों में बारिश, तेज हवा, गरज-चमक और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।
19 जिलों में बारिश की संभावना
रांची मौसम केंद्र के अनुसार, गुरुवार को रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, बोकारो, धनबाद, रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां सहित राज्य के अधिकांश जिलों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में तेज बारिश होने की भी संभावना है। भारी वर्षा वाले क्षेत्रों में जलभराव और निचले इलाकों में पानी जमा होने की आशंका जताई गई है।
तेज हवा और आंधी को लेकर चेतावनी
मौसम विभाग ने बोकारो, धनबाद, रामगढ़, गिरिडीह, रांची, पूर्वी सिंहभूम और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई है। ऐसे मौसम में लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
कई जिलों में वज्रपात का खतरा
आज रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, साहिबगंज और पाकुड़ समेत कई जिलों में वज्रपात की भी आशंका है। मौसम विभाग ने किसानों और खुले मैदान में काम करने वाले लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे या खुले स्थानों पर नहीं रुकने और सुरक्षित जगह पर शरण लेने की अपील की है।
तापमान में आएगी गिरावट
बारिश और बादलों के प्रभाव से रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, पश्चिम सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में दिन के तापमान में कमी दर्ज की जा सकती है। इन जिलों में ठंडी हवाओं और लगातार बादल छाए रहने से मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा।
मौसम विभाग ने लोगों से मौसम का अपडेट देखते रहने, खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली गिरने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है। स्थानीय प्रशासन भी संवेदनशील इलाकों में स्थिति पर नजर बनाए हुए है।