Ranchi News : रांची में कक्षपाल के पदों पर भर्ती चल रही है. इसमें बहुत से आवेदन रद्द कर दिए गए हैं. झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने बताया कि कई तरह की त्रुटियां मिलने के बाद कुल 59,457 आवेदन रद्द कर दिए गए हैं. आयोग के मुताबिक, सबसे ज्यादा 41,526 उम्मीदवारों ने सिर्फ ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया, लेकिन आवेदन पत्र जमा नहीं किया.
शुल्क जमा नहीं करने वाले आवेदन भी रद्द
जांच में पता चला कि 14,403 अभ्यर्थियों ने आवेदन तो भर दिया, लेकिन परीक्षा शुल्क जमा नहीं किया. ऐसे सभी आवेदन अमान्य घोषित कर दिए गए. आयोग ने बताया कि 2,378 उम्मीदवारों ने आवेदन और शुल्क जमा करने के बावजूद अपनी फोटो और हस्ताक्षर अपलोड नहीं किए. आवश्यक दस्तावेज अधूरे होने के कारण उनके आवेदन भी निरस्त कर दिए गए.
एक से अधिक आवेदन जमा करने वाले अभ्यर्थियों के आवेदन रद्द
जांच के दौरान 1,150 अभ्यर्थियों द्वारा एक से अधिक आवेदन जमा करने का मामला सामने आया. आयोग ने ऐसे डुप्लीकेट आवेदनों को भी रद्द कर दिया. कक्षपाल भर्ती के लिए विज्ञापन 2025 में जारी किया गया था. ऑनलाइन आवेदन 9 जनवरी से 10 फरवरी 2026 तक स्वीकार किए गए थे. आवेदन पत्रों के सत्यापन के दौरान इन सभी त्रुटियों का खुलासा हुआ, जिसके बाद आयोग ने कुल 59,457 आवेदन निरस्त कर दिए.