Ranchi News : झारखंड पुलिस मुख्यालय ने शारीरिक रूप से अक्षम पुलिसकर्मियों को पीटीसी (Police Training Course) और एसटीसी (Special Training Course) की बाह्य परीक्षा से छूट देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में प्रशिक्षण निदेशालय ने राज्य के सभी रेंज डीआईजी, एसएसपी, एसपी और रेल एसपी को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
मुख्यालय ने ऐसे पुलिसकर्मियों की पहचान कर उनकी विस्तृत रिपोर्ट मांगी है, जो दुर्घटना, ड्यूटी के दौरान लगी चोट या अन्य किसी कारण से शारीरिक रूप से परीक्षा देने में सक्षम नहीं हैं। पात्र पुलिसकर्मियों को नियमानुसार परीक्षा से छूट देने के लिए यह प्रक्रिया शुरू की गई है।
जरूरी दस्तावेजों के साथ भेजनी होगी रिपोर्ट
प्रशिक्षण निदेशालय ने निर्देश दिया है कि रिपोर्ट के साथ संबंधित एफआईआर की सत्यापित प्रति, थाना डायरी की कॉपी, मेडिकल प्रमाण-पत्र तथा एनेक्सर-ए और एनेक्सर-बी के अनुसार पूरी जानकारी अनिवार्य रूप से भेजी जाए। यदि किसी मामले में एफआईआर या थाना डायरी उपलब्ध नहीं है, तो उसका स्पष्ट कारण भी रिपोर्ट में उल्लेख करना होगा।
एक सप्ताह में रिपोर्ट सौंपने का निर्देश
पुलिस मुख्यालय ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे एक सप्ताह के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ पात्र पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट प्रशिक्षण निदेशालय को उपलब्ध कराएं, ताकि मामलों की जांच कर योग्य पुलिसकर्मियों को नियमानुसार प्रशिक्षण परीक्षा से छूट प्रदान की जा सके।