Ranchi News : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लेकर कांग्रेस नेता के.एन. त्रिपाठी के बयान पर पार्टी के भीतर सियासी विवाद गहरा गया है। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने त्रिपाठी के बयान पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।
इरफान अंसारी ने कहा कि के.एन. त्रिपाठी पहले अपनी हैसियत देखें, उसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर कोई टिप्पणी करें। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के नेता और राज्य के मुख्यमंत्री के खिलाफ इस तरह का बयान देना न तो उचित है और न ही राजनीतिक रूप से जिम्मेदाराना।
स्वास्थ्य मंत्री ने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान महागठबंधन को कमजोर करते हैं और इसका सीधा फायदा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिलता है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयानों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भावनाएं भी आहत होती हैं और गठबंधन की एकजुटता पर सवाल खड़े होते हैं।
हेमंत सोरेन के नेतृत्व की सराहना, कांग्रेस नेतृत्व से कार्रवाई की मांग
इरफान अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य में विकास और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। ऐसे समय में अपनी ही सरकार के खिलाफ सार्वजनिक बयान देना उचित नहीं है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश से मांग की कि पार्टी और महागठबंधन के खिलाफ सार्वजनिक बयान देने वाले नेताओं के विरुद्ध संगठनात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अनुशासन बनाए रखने के लिए पार्टी को ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाने चाहिए।