Jharkhand News: झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत, पारदर्शी और असरदार बनाने के लिए बड़े स्तर पर अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं. राज्यपाल की मंजूरी के बाद विभाग के उप सचिव गौरांग महतो के हस्ताक्षर से यह अधिसूचना जारी की गई है. इसके तहत कार्यपालक अभियंताओं, सहायक अभियंताओं और यांत्रिक अभियंताओं को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं, और यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है.
कार्यपालक अभियंताओं का नया पदस्थापन
विभाग की नई सूची के मुताबिक कई वरिष्ठ कार्यपालक अभियंताओं को नए इलाकों की जिम्मेदारी सौंपी गई है. चास के कार्यपालक अभियंता राम प्रवेश राम को अब जामताड़ा पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल की कमान मिली है. संजय प्रसाद को विभाग के रांची मुख्यालय में कार्यपालक अभियंता (अनुश्रवण) बनाया गया है. वहीं अनिल प्रसाद गुप्ता को गढ़वा प्रमंडल का कार्यपालक अभियंता नियुक्त किया गया है. मेदिनीनगर अंचल के तकनीकी सलाहकार राजमोहन सिंह को अपने काम के साथ-साथ मेदिनीनगर अंचल के अधीक्षण अभियंता का अतिरिक्त प्रभार भी मिला है. इसके अलावा अजय कुमार सिंह को लोहरदगा प्रमंडल का कार्यपालक अभियंता, जितेन्द्र कुजूर को रांची मुख्यालय में कार्यपालक अभियंता (अन्वेषण), चंद्रशेखर को देवघर अंचल का तकनीकी सलाहकार और अनुप कुमार महतो को रांची अंचल का तकनीकी सलाहकार बनाया गया है.
सिविल श्रेणी के सहायक अभियंता और प्राक्कलन अधिकारी
विभागीय बदलाव में सिविल क्षेत्र के सहायक अभियंताओं और प्राक्कलन अधिकारियों के कार्यक्षेत्र भी बदले गए हैं. रमेश कुमार लोहरा को देवघर प्रमंडल का प्राक्कलन पदाधिकारी और विजय कुमार पासवान को देवघर अवर प्रमंडल संख्या-01 का सहायक अभियंता बनाया गया है. जॉय कुमार मिंज को हटिया योजना (अवर प्रमंडल संख्या-03), चंदन कुमार को तोरपा खूंटी, सुमित कुमार साव को बोकारो (चास), संजु कुमार को चास, अरूण कुमार मेहता को चतरा, सहनवाज आलम को बसिया (गुमला), जया किण्डो को डोरण्डा (रांची पश्चिम), शुभम उपाध्याय को बुण्डु (रांची पूर्व), आशुतोष कुमार को गोड्डा (अवर प्रमंडल संख्या-02), और रवि शंकर को नाला (जामताड़ा) में सहायक अभियंता के पद पर तैनात किया गया है.
इसी तरह राजकमल सिंह को स्वर्णरेखा वितरण प्रमंडल रांची का प्राक्कलन पदाधिकारी और बिन्देश्वर प्रसाद को स्वर्णरेखा वितरण प्रमंडल संख्या-02 रांची का सहायक अभियंता बनाया गया है. रांची प्रक्षेत्र के सहायक अभियंता सुमित कुमार दास को अपने मौजूदा काम के साथ अनगड़ा (रांची पूर्व) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. प्रमोद कुमार हरिजन को अमरापाड़ा (पाकुड़), विक्रम कुमार वर्णवाल को रामगढ़ (अवर प्रमंडल संख्या-01) में सहायक अभियंता और सीता राम बैठा को गुमला प्रमंडल का प्राक्कलन पदाधिकारी बनाया गया है.
यांत्रिक प्रमंडल में तैनात अधिकारियों की सूची
तकनीकी व्यवस्था को बेहतर करने के लिए यांत्रिक प्रमंडल के अधिकारियों में भी फेरबदल हुआ है. चंदन दुबे को धनबाद यांत्रिक प्रमंडल का प्राक्कलन पदाधिकारी और पवन कुमार सिंह को रांची यांत्रिक प्रमंडल का प्राक्कलन पदाधिकारी बनाया गया है. वहीं रुदल मंडल को गोड्डा (दुमका), विधान चंद्र पाठक को धनबाद, कुमार अविनाश को हटिया (रांची), मनोज कुमार पाण्डेय को बूटी (रांची), गोरखनाथ को गढ़वा, शुभाशीष भट्टाचार्या को रांची (ग्रामीण), अभिषेक कुमार को मेदिनीनगर, भीम चौधरी को रूक्का (रांची), नीरज कुमार सिंह को झुमरीतिलैया (हजारीबाग), प्रशांत रंजन को देवघर और संजय कुमार मंडल को चाईबासा में सहायक अभियंता यांत्रिक के रूप में तैनात किया गया है.
जलापूर्ति योजनाओं में आएगी तेजी
राज्य भर में किए गए इन तबादलों का मुख्य मकसद पेयजल और ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं के काम में तेजी लाना है. विभाग को उम्मीद है कि नई नियुक्तियों से जिला और प्रमंडल स्तर पर कामों की निगरानी बेहतर होगी, जिससे आम लोगों तक पीने के पानी की पहुंच और आसान हो जाएगी.