Ranchi News : JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता, पेपर लीक, लंबित छात्रवृत्ति और अन्य छात्रहित के मुद्दों को लेकर बुधवार को बड़ी संख्या में छात्र रांची की सड़कों पर उतर आए। आजसू छात्र संघ के नेतृत्व में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से लोकभवन तक मार्च निकाला गया। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए और विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग की गई।
JPSC प्रारंभिक परीक्षा की CBI जांच की मांग
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने JPSC और JSSC की भर्ती प्रक्रियाओं में कथित धांधली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका आरोप था कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता की कमी है, जिससे राज्य के युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने JPSC प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं की CBI से जांच कराने की मांग की। उनका कहना था कि इस मामले में केवल CID जांच से वे संतुष्ट नहीं हैं। छात्रों ने प्रारंभिक परीक्षा को रद्द कर निष्पक्ष तरीके से दोबारा आयोजित करने की भी मांग उठाई।
शिक्षक नियुक्ति और JTET परीक्षा का भी उठाया मुद्दा
छात्रों ने आचार्य (शिक्षक) नियुक्ति प्रक्रिया में भी कथित गड़बड़ी का आरोप लगाया। इसके साथ ही झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) से लंबित JTET परीक्षा की तिथि जल्द घोषित करने की मांग की।
दो वर्षों से लंबित छात्रवृत्ति का मुद्दा भी उठा, मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन होगा तेज
प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने कहा कि पिछले करीब दो वर्षों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति नहीं मिली है। उनका आरोप है कि भर्ती परीक्षाएं समय पर नहीं हो रही हैं और पूरी चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर झारखंड में बड़े स्तर पर छात्र आंदोलन चलाया जाएगा।