Jamshedpur: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को सीधी चुनौती दी है। भालूबासा इलाके में ट्यूशन पढ़कर साइकिल से घर लौट रहे एक छात्र से बाइक सवार दो युवकों ने दिनदहाड़े मोबाइल छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
रास्ते में घेराबंदी कर मोबाइल झपटा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र अपनी ट्यूशन क्लास खत्म होने के बाद साइकिल से घर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने उसका पीछा किया। छात्र जब तक कुछ समझ पाता, तब तक बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया। घटना के बाद छात्र ने शोर भी मचाया, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार में बाइक भगाकर रफूचक्कर हो गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी सीतारामडेरा पुलिस
वारदात के बाद पीड़ित छात्र ने तुरंत अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मामले की शिकायत सीतारामडेरा थाने में दर्ज कराई गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से बदमाशों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।