Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस प्रशासन का नया एसएसपी कार्यालय भवन बनकर तैयार हो गया है। कार्यालय के नए भवन में शिफ्टिंग की तैयारियों के बीच वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारिब ने गुरुवार को भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान सिटी एसपी ललित मीणा और प्रशिक्षु एएसपी ऋषभ त्रिवेदी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने तीन मंजिला भवन के विभिन्न कक्षों, अधिकारियों के चैंबर, प्रशासनिक शाखाओं, जनसुनवाई कक्ष और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भवन में सुरक्षा व्यवस्था, कार्यालयों के आवंटन और आम लोगों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा भी की।
2025 में पूरा हुआ था भवन का निर्माण
करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह नया भवन वर्तमान एसएसपी कार्यालय के ठीक सामने बनाया गया है। इसका निर्माण तत्कालीन एसएसपी प्रभात कुमार के कार्यकाल में शुरू हुआ था। भवन का सिविल निर्माण वर्ष 2025 में पूरा हो गया था, जिसके बाद आंतरिक साज-सज्जा और अन्य आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं।
कुछ कार्य अभी भी बाकी
हालांकि भवन पूरी तरह तैयार है, लेकिन सभागार और कुछ प्रमुख कार्यालयों में फर्नीचर लगाने तथा डिजिटल उपकरण स्थापित करने का काम अभी बाकी है। अधिकारियों ने इन कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
जनसुनवाई और पुलिसिंग होगी अधिक व्यवस्थित
नए कार्यालय भवन में पर्याप्त जगह उपलब्ध होने से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ शिकायत लेकर आने वाले लोगों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। भवन में महिला हेल्प डेस्क, मीडिया सेल, आधुनिक जनसुनवाई कक्ष और अन्य प्रशासनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। निरीक्षण के बाद माना जा रहा है कि सभी शेष कार्य पूरे होते ही पुलिस प्रशासन जल्द नए एसएसपी कार्यालय भवन में स्थानांतरित हो जाएगा।