Jamshedpur: जमशेदपुर के मानगो अंचल कार्यालय की ओर से गुरुद्वारा रोड और बैकुंठनगर के अंतिम छोर पर रहने वाले एक दर्जन से अधिक परिवारों को 4 अगस्त तक मकान हटाने का नोटिस जारी किया गया है। नोटिस मिलने के बाद इलाके के लोगों में चिंता का माहौल है। अधिकांश परिवार दिहाड़ी मजदूरी कर जीवनयापन करते हैं और उनका कहना है कि वे पिछले लगभग 50 वर्षों से यहां रह रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने वर्षों की मेहनत से अपना आशियाना बनाया है। अब अचानक मिले नोटिस से उनके सामने बेघर होने का संकट खड़ा हो गया है। लोगों ने कहा कि यदि उन्हें जबरन हटाया गया तो उनके पास रहने के लिए कोई दूसरा ठिकाना नहीं है।
लोगों ने विकास सिंह को बुलाकर सुनाई अपनी समस्या
नोटिस मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने भाजपा नेता विकास सिंह को मौके पर बुलाया और पूरी स्थिति से अवगत कराया। लोगों ने बताया कि वे दशकों से यहां रह रहे हैं और किसी भी कीमत पर अपना घर नहीं छोड़ना चाहते।
विकास सिंह बोले- गरीबों को उजाड़ना उचित नहीं
मौके पर पहुंचे भाजपा नेता विकास सिंह ने कहा कि वर्षों से रह रहे गरीब और मजदूर परिवारों को उजाड़ने का प्रयास उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इन परिवारों को सरकार की ओर से बिजली और पानी के कनेक्शन दिए गए हैं, वे नियमित रूप से बिल का भुगतान करते हैं और नगर निगम को होल्डिंग टैक्स भी जमा करते हैं। ऐसे में उन्हें बेदखल करना न्यायसंगत नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि वह प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं और उनकी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष उठाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को राहत दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
पीएम आवास योजना का भी उठाया मुद्दा
विकास सिंह ने कहा कि क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना का अपेक्षित लाभ लोगों तक नहीं पहुंच सका है। उनका आरोप है कि जहां जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर मिलना चाहिए था, वहीं अब वर्षों से बसे लोगों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल मानगो अंचल कार्यालय की ओर से जारी नोटिस को लेकर प्रभावित परिवारों में चिंता बनी हुई है। वहीं प्रशासन की ओर से इस मामले में विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।