JPSC Protest Ranchi: झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में धांधली और नियुक्ति में देरी के खिलाफ छात्र आंदोलन शुक्रवार को विवाद में फंस गया. राजधानी रांची में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन के दौरान छात्र समूहों और कुछ राजनीतिक नेताओं के बीच मंच को लेकर बहस हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई. इसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा.
आंदोलन के श्रेय को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, छात्र अपनी मांगों के लिए स्टेडियम में प्रदर्शन कर रहे थे. इस दौरान कुछ नए छात्र संगठन और राजनीतिक प्रतिनिधि आंदोलन के समर्थन में पहुंचे. इसी बीच आंदोलन के नेतृत्व और उसके श्रेय को लेकर विवाद शुरू हो गया. पहले से आंदोलन कर रहे छात्रों का कहना था कि कुछ लोग मंच के इस्तेमाल अपनी राजनीतिक पहचान बनाने के लिए कर रहे हैं. दूसरी तरफ दूसरे पक्ष का कहना था कि वे छात्रों की आवाज को मजबूत करने के लिए आंदोलन में शामिल हुए हैं.
धक्का-मुक्की से बिगड़ा माहौल
दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई. कुछ देर के लिए धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई. इससे आंदोलन के स्थल पर अफरा-तफरी मच गई. हालांकि वहां मौजूद लोगों और पुलिस ने बीच-बचाव किया और हालात संभाल लिए.
पुलिस ने समय रहते कराया मामला शांत
कोतवाली के डीएसपी निखिल राय ने बताया कि स्टेडियम में आंदोलन के दौरान कुछ छात्र नेताओं और राजनीतिक प्रतिनिधियों के बीच मंच साझा करने को लेकर छोटा विवाद हुआ था. उन्होंने कहा कि स्थिति हाथापाई तक नहीं पहुंची. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया. अब हालात सामान्य हैं और किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है.