Jharkhand Liquor Scam: झारखंड में शराब घोटाले की जांच तेज हो गई है. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने तीन महत्वपूर्ण लोगों को फिर से समन भेजा है और उन्हें 6 अगस्त को पूछताछ के लिए बुलाया है. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की माने तो यह कार्रवाई अब तक इकट्ठे किए गए दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और विभिन्न लोगों के बयानों के आधार पर की जा रही है. पूछताछ के दौरान इन सभी तथ्यों का मिलान भी किया जाएगा.
इन तीन लोगों को फिर बुलाया गया है:
श्यामजी शरण, अरुण पति त्रिपाठी, अरुण कुमार सिंह
श्यामजी शरण को पहले भी पूछताछ के लिए नोटिस भेजा गया था, लेकिन वे जांच में शामिल नहीं हुए. अब उन्हें फिर से 6 अगस्त को उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है.
छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड के पूर्व प्रबंध निदेशक और छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग के पूर्व विशेष सचिव अरुण पति त्रिपाठी से विस्तृत पूछताछ होगी. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो उनके बयान दर्ज करेगी और उपलब्ध दस्तावेजों व साक्ष्यों के आधार पर उनसे कई बिंदुओं पर सवाल करेगी.
Nexgen Solution Pvt. Ltd. के CEO अरुण कुमार सिंह को भी नोटिस जारी किया गया है. उनसे कंपनी की भूमिका, अनुबंध, वित्तीय लेन-देन और अन्य संबंधित व्यक्तियों व संस्थाओं से जुड़े कारोबारी संबंधों पर पूछताछ की जाएगी.
डिजिटल और वित्तीय साक्ष्यों की होगी पड़ताल
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के मुताबिक, 6 अगस्त को होने वाली पूछताछ में सिर्फ बयान दर्ज नहीं किए जाएंगे, बल्कि कई अहम पहलुओं की भी जांच होगी. इनमें दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन का मिलान, इलेक्ट्रॉनिक व डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण और पहले दर्ज बयानों का आपसी सत्यापन शामिल है. जांच एजेंसी का उद्देश्य पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ते हुए मामले की वास्तविक तस्वीर सामने लाना है.