Jairam Mahato Bail News: बोकारो के वेदांता स्टील प्लांट के बाहर हुए प्रदर्शन से जुड़े मामले में डुमरी विधायक और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के अध्यक्ष जयराम महतो को बड़ी राहत मिली है. शुक्रवार को उन्होंने धनबाद की विशेष सांसद विधायक अदालत में आत्मसमर्पण कर जमानत याचिका दाखिल की. मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनते हुए उनकी जमानत याचिका स्वीकार कर ली.
जमानत पर सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने राजनीतिक साजिश का लगाया आरोप
सुनवाई के दौरान जयराम महतो की ओर से पेश अधिवक्ता ने अदालत में कहा कि इस मामले में विधायक का कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है. बचाव पक्ष का दावा था कि राजनीतिक द्वेष के कारण उनका नाम इस मामले में जोड़ा गया है. वहीं सरकारी पक्ष ने जमानत का विरोध किया. दोनों पक्षों की दलीलें और उपलब्ध साक्ष्यों पर विचार करने के बाद अदालत ने जमानत देने का फैसला सुनाया.
नवंबर 2023 में वेदांता स्टील प्लांट के बाहर हुआ था प्रदर्शन
यह मामला नवंबर 2023 का है. उस समय वेदांता स्टील प्लांट के मुख्य द्वार पर स्थानीय मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया था. इस संबंध में शिकायतकर्ता रवि कुमार आनंद की शिकायत पर सियालजोड़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रदर्शन के दौरान जयराम महतो की तस्वीर वाले बैनर और पोस्टर लगाए गए थे. साथ ही मुख्य मार्ग को पूरी तरह बाधित कर दिया गया था, जिससे लंबा जाम लगा और कंपनी को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा.
जयराम महतो बोले घटना के समय मैं मौके पर मौजूद नहीं था
अदालत से जमानत मिलने के बाद जयराम महतो ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान वह घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे. उनके अनुसार स्थानीय समर्थकों या ग्रामीणों ने उनकी तस्वीर वाले बैनर लगाए होंगे, लेकिन इससे यह साबित नहीं होता कि वह इस घटना में शामिल थे. उन्होंने कहा कि किसी बैनर या पोस्टर पर तस्वीर होने भर से किसी व्यक्ति को आपराधिक घटना का जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता.
विधायक बनने के बाद धनबाद की विशेष अदालत में स्थानांतरित हुआ मामला
इस मामले की सुनवाई पहले बोकारो की स्थानीय अदालत में चल रही थी. हालांकि जयराम महतो के विधायक निर्वाचित होने के बाद जनप्रतिनिधियों से जुड़े मामलों के नियमों के तहत इसे धनबाद की विशेष सांसद विधायक अदालत में स्थानांतरित कर दिया गया. अब इस मामले से जुड़ी आगे की सभी कानूनी प्रक्रियाएं धनबाद की विशेष MP-MLA अदालत में ही पूरी होंगी.