Seraikela: जेएसएससी-सीजीएल, उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा सहित विभिन्न नियुक्ति परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में शनिवार को भाजपा जिला कमेटी ने सरायकेला समाहरणालय के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व आदित्यपुर नगर निगम के पूर्व महापौर विनोद श्रीवास्तव ने किया। प्रदर्शन के बाद भाजपा नेताओं ने उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी का लगाया आरोप
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में पिछले कुछ वर्षों में आयोजित कई भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं के कारण युवाओं को नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी है, ताकि मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों को न्याय मिल सके। नेताओं ने बताया कि इन्हीं मांगों को लेकर छात्र रांची में आंदोलन कर रहे हैं और भाजपा उनके मुद्दों का समर्थन करती है।
सीबीआई जांच और कार्रवाई की मांग
ज्ञापन के माध्यम से भाजपा ने वर्ष 2019 के बाद आयोजित जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराने की मांग की। इसके अलावा दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कार्रवाई कर कड़ी सजा देने की मांग भी रखी गई। भाजपा ने उत्पाद सिपाही दौड़ परीक्षा में मृत अभ्यर्थियों के परिवारों को मुआवजा देने, 14वीं जेपीएससी से जुड़े मामलों में तत्कालीन पदाधिकारियों पर कार्रवाई और कथित अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग भी की। प्रदर्शन में प्रदेश जिला महामंत्री राकेश मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष सारथी महतो और शंभू मंडल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।