Palamu News: पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने अंबिकापुर-रामानुजगंज-गढ़वा नई रेल लाइन परियोजना में बदलाव की मांग की है. उन्होंने कहा कि इस रेल लाइन से बड़गढ़ और भंडरिया प्रखंडों को भी जोड़ा जाना चाहिए, ताकि इन इलाकों के लोगों को भी इसका लाभ मिल सके. इसी मांग को लेकर सांसद ने नई दिल्ली में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार से मुलाकात की और पूरे मामले पर विस्तार से चर्चा की.
बड़गढ़ और भंडरिया को जोड़ने की मांग
सांसद ने कहा कि नई रेल लाइन की मंजूरी क्षेत्र के लिए अच्छी खबर है, लेकिन प्रस्तावित रूट में बड़गढ़ और भंडरिया जैसे पिछड़े इलाके शामिल नहीं हैं. ऐसे में वहां के लोग रेल सुविधा से वंचित रह जाएंगे. उन्होंने बताया कि इन दोनों प्रखंडों के ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन लंबे समय से रेल संपर्क की मांग कर रहे हैं. नई योजना में भी इन इलाकों को जगह नहीं मिलने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है.
लिंक रेल लाइन का भी दिया सुझाव
सांसद ने रेलवे बोर्ड से कहा कि यदि मुख्य रेल मार्ग में बदलाव संभव नहीं हो, तो बड़गढ़ और भंडरिया को लिंक रेल लाइन के जरिए जोड़ा जाए. इससे लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी. साथ ही कृषि और वन उत्पादों को बाजार तक पहुंचाना आसान होगा और क्षेत्र में रोजगार व निवेश के नए अवसर भी बनेंगे.
बरवाडीह-चिरमिरी-अंबिकापुर रेल लाइन का भी उठाया मुद्दा
मुलाकात के दौरान सांसद ने बरवाडीह-चिरमिरी-अंबिकापुर रेल लाइन परियोजना को भी जल्द मंजूरी देने की मांग की. उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से झारखंड और छत्तीसगढ़ के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा और पिछड़े क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी.