Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के अंतर्गत स्थित सिंहभूम कॉलेज चांडिल में स्नातक (UG) के विभिन्न विषयों में सीट बढ़ाने की मांग को लेकर ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) की कॉलेज कमिटी ने शनिवार को विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष आवाज उठाई। संगठन के सदस्यों ने प्राचार्य की अनुपस्थिति में प्रभारी के माध्यम से कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपकर सभी विषयों में विद्यार्थियों की संख्या और मांग के अनुसार सीट बढ़ाने की मांग की।
सीटें भरने से कई विद्यार्थी नामांकन से वंचित
AIDSO कॉलेज कमिटी के सचिव राजा प्रामाणिक ने कहा कि कॉलेज के विभिन्न विषयों में निर्धारित सीटें पूरी तरह भर चुकी हैं, जिसके कारण बड़ी संख्या में योग्य विद्यार्थी स्नातक में नामांकन से वंचित हो गए हैं। उन्होंने कहा कि सिंहभूम कॉलेज चांडिल क्षेत्र का प्रमुख डिग्री कॉलेज है, जहां आसपास के ग्रामीण और सुदूर क्षेत्रों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी उच्च शिक्षा प्राप्त करने पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में यह एकमात्र डिग्री कॉलेज है। ऐसे में सीटों में कटौती या सीमित संख्या में नामांकन से कई विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है।
आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के सामने बढ़ी परेशानी
संगठन ने कहा कि क्षेत्र के अधिकांश विद्यार्थी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। दूसरे शहरों या अन्य महाविद्यालयों में जाकर पढ़ाई करना उनके लिए आसान नहीं है। यदि कॉलेज में सीटों की संख्या नहीं बढ़ाई गई तो कई योग्य छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा से वंचित होना पड़ सकता है।
विश्वविद्यालय से सीट बढ़ाने की मांग
AIDSO ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए सभी विषयों में आवश्यकता के अनुसार सीटों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को नामांकन का अवसर मिल सके। ज्ञापन सौंपने के दौरान मौजूद छात्र-छात्राओं ने भी सीट बढ़ाने की मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सिंहभूम कॉलेज चांडिल में ही अधिक से अधिक विद्यार्थियों का दाखिला सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण किसी भी छात्र की पढ़ाई बीच में न छूटे।