Jamshedpur News : पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से शनिवार को समाहरणालय सभागार में सेवानिवृत्त हो रहे नौ शिक्षकों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में वर्षों तक उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले शिक्षकों को शॉल, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए स्वस्थ, सुखद और सक्रिय जीवन की शुभकामनाएं दीं।
सम्मानित होने वाले शिक्षकों में रामशंकर सिंह, सुतीर्थ कुमार राणा, फुलमनी हेंब्रम, रामनारायण सिंह, रीता कुमारी पॉल, नीलम कुमारी, एमलेन टोपनो, पंकज कुमार सीट और अरुण कुमार झा शामिल रहे।
शिक्षक समाज की सबसे मजबूत नींव: उपायुक्त
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि शिक्षक समाज की सबसे मजबूत नींव होते हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा से सेवानिवृत्ति केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया है, लेकिन शिक्षक का दायित्व और समाज के प्रति उनका योगदान जीवनभर बना रहता है। उन्होंने सभी शिक्षकों की निष्ठापूर्ण सेवा की सराहना करते हुए कहा कि उनका अनुभव और मार्गदर्शन आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा।
शिक्षक केवल पढ़ाते नहीं, संस्कार भी देते हैं:- एसडीओ
धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम की शिक्षा नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिकता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे मूल्यों का भी विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि इन शिक्षकों ने अपने लंबे सेवाकाल में हजारों विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने का कार्य किया है, जो उनके समर्पण और कर्मनिष्ठा का प्रमाण है।
सेवानिवृत्त शिक्षकों ने साझा किए अनुभव
समारोह के दौरान सेवानिवृत्त शिक्षकों ने अपने सेवाकाल की यादें साझा करते हुए शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का माहौल भावुक और सम्मानपूर्ण रहा। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी निशु कुमारी, जिला शिक्षा अधीक्षक जूही रानी सहित शिक्षा विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।