Palamu News : जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पलामू पुलिस ने सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ अड्डेबाज़ी ऑपरेशन चलाया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में देर रात तक अड्डेबाज़ी करने वाले, नशे की हालत में घूम रहे और खुलेआम शराब पी रहे 120 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से देर रात तक बेवजह जमावड़ा लगाने वालों में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान उन स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई, जहां लगातार अड्डेबाज़ी, नशेबाज़ी और संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं।
सत्यापन के बाद चेतावनी देकर छोड़ा, दोबारा पकड़े जाने पर होगी सख्त कार्रवाई
हिरासत में लिए गए सभी लोगों को संबंधित थानों में लाकर पूछताछ और सत्यापन किया गया। इसके बाद कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में अड्डेबाज़ी, नशेबाज़ी, खुलेआम शराबखोरी या शांति व्यवस्था भंग करने जैसी गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपराध होने से पहले रोकथाम पर पुलिस का जोर
पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने कहा कि देर रात होने वाली अड्डेबाज़ी और नशेबाज़ी कई बार गंभीर अपराधों की वजह बनती है। नशे की हालत में मामूली विवाद भी मारपीट, फायरिंग और हत्या जैसी घटनाओं का रूप ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि ऐसी गतिविधियों पर पहले ही रोक लगाकर अपराध की संभावनाओं को समाप्त करना है।