Ranchi Student Protest: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर छात्रों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है. JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर राजधानी रांची का जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम आंदोलन का केंद्र बन गया है. राज्य के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे अभ्यर्थी यहां लगातार धरना दे रहे हैं और अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं.
आंदोलन को नया मोड़, शुरू हुआ आमरण अनशन
छात्र आंदोलन के बीच अब छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है. उनका कहना है कि जब तक सरकार छात्रों की मांगों पर ठोस फैसला नहीं लेती, तब तक उनका अनशन जारी रहेगा.
“युवाओं के भविष्य पर फैसला ले सरकार”
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि झारखंड के हजारों अभ्यर्थी लंबे समय से परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें सिर्फ आश्वासन मिला है. उन्होंने सरकार से अपील की कि अगर युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीरता है, तो तुरंत हस्तक्षेप कर समस्याओं का समाधान किया जाए.
“अब पीछे हटने का सवाल नहीं”
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं ने युवाओं का भरोसा तोड़ा है. इसके बावजूद छात्र अपने अधिकारों की लड़ाई शांतिपूर्ण तरीके से लड़ रहे हैं. उनका कहना है कि जब तक JPSC और JSSC की व्यवस्था में सुधार नहीं होगा और भ्रष्टाचार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.