Bihar Train Fire: बिहार के सहरसा जिले में सोमवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा टल गया. सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी समस्तीपुर-सहरसा मेमू ट्रेन के दो डिब्बों में अचानक आग लग गई. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों और दमकल विभाग ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई.
स्टेशन मास्टर ने दी आग लगने की सूचना
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र के अनुसार, समस्तीपुर-सहरसा मेमू ट्रेन सोमवार तड़के करीब तीन बजे सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पहुंची थी. इसी दौरान स्टेशन मास्टर ने ट्रेन के मोटर कोच में आग लगने की सूचना दी. देखते ही देखते आग ने दो डिब्बों को अपनी चपेट में ले लिया.
दमकल ने तीन घंटे बाद पाया आग पर काबू
रेलवे कर्मचारियों ने सबसे पहले ट्रेन में मौजूद अग्निशामक यंत्रों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई. कई दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर सुबह पांच बजे पचास मिनट पर आग पर पूरी तरह काबू पाया.
सभी यात्री सुरक्षित, जांच के आदेश
रेलवे प्रशासन ने एहतियात के तौर पर तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कर दी और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. अधिकारियों के अनुसार, घटना में किसी यात्री के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है.
रेलवे ने आग लगने के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं. तकनीकी विशेषज्ञ यह पता लगाएंगे कि आग शॉर्ट सर्किट, तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से लगी. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.