Supplementary Budget 2026: झारखंड सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम अनुपूरक बजट (अनुपूरक व्यय विवरणी) को अंतिम रूप देने में जुट गई है. सरकार आगामी झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र में इसे पेश करने की तैयारी कर रही है. इसके लिए वित्त विभाग के निर्देश पर सभी विभागों से अतिरिक्त बजटीय प्रावधानों से संबंधित प्रस्ताव मांगे गए थे.
कई विभागों ने भेजे प्रस्ताव
जानकारी के अनुसार, कई विभागों ने विभागीय मंत्री की स्वीकृति के बाद अपने प्रस्ताव मंत्रिमंडल सचिवालय के माध्यम से राज्य सरकार को भेज दिए हैं. अब प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर वित्त विभाग अनुपूरक बजट का अंतिम मसौदा तैयार कर रहा है.
इन मदों के लिए होगा अतिरिक्त प्रावधान
वित्त विभाग के संयुक्त सचिव-सह-बजट पदाधिकारी चंद्रभूषण प्रसाद द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, अनुपूरक बजट में केंद्र प्रायोजित और केंद्रीय सेक्टर योजनाओं में हिस्सेदारी में बदलाव, केंद्र से प्राप्त राशि के अनुरूप अतिरिक्त प्रावधान, राज्यांश एवं टॉप-अप राशि, मुख्य बजट की त्रुटियों में सुधार, स्थापना व्यय तथा अन्य अत्यावश्यक और आकस्मिक जरूरतों से जुड़े प्रस्ताव शामिल किए जा रहे हैं.
कैबिनेट की मंजूरी के बाद होगा पेश
वित्त विभाग द्वारा तैयार प्रथम अनुपूरक व्यय विवरणी को पहले राज्य मंत्रिमंडल की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा. कैबिनेट की स्वीकृति मिलने के बाद इसे झारखंड विधानसभा के आगामी मानसून सत्र में पेश किया जाएगा.