Ramgarh News : चर्चित सुमित अग्रवाल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य साजिशकर्ता समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए दो चाकू और एक बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, नशीले कारोबार और रुपये के लेनदेन में वर्चस्व की लड़ाई इस हत्या की प्रमुख वजह रही।
रामगढ़ थाना क्षेत्र के न्यू बगीचा में हुई इस हत्या के मामले में मृतक की पत्नी के बयान पर 29 जून 2026 को रामगढ़ थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)-2023 की धारा 103(1)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने साजिश का किया खुलासा
जांच के दौरान पुलिस ने मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पहले सूरज कुमार दास उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया था, जिसे 1 अगस्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। आगे की जांच में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने सुमित कुमार सोनी और अभिषेक कुमार साव को गिरफ्तार किया, जिन्हें इस हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता बताया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दो चाकू और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली है।
अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी
पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) अकरम रजा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में नशीले पदार्थों के कारोबार और रुपये के लेनदेन में वर्चस्व को लेकर विवाद की बात सामने आई है। इसी विवाद के बाद सुमित अग्रवाल की हत्या की साजिश रची गई थी।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है तथा तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।