Sujit Sinha Encounter: जामताड़ा में कुख्यात अपराधी सुजीत सिन्हा के एनकाउंटर मामले में नया मोड़ सामने आया है. सुजीत सिन्हा की सास उषा देवी ने मीडिया से बातचीत में पूरे घटनाक्रम को सुनियोजित साजिश बताते हुए प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि सुजीत सिन्हा की हत्या षड्यंत्र के तहत की गई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
जेल से बाहर नहीं आना चाहता था, फिर भागने की कोशिश क्यों करता?
उषा देवी ने सवाल उठाते हुए कहा कि जो व्यक्ति जेल से बाहर निकलना ही नहीं चाहता था, वह पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश क्यों करेगा और पुलिस पर गोली क्यों चलाएगा? उनका दावा है कि पहले भी सुजीत सिन्हा को जेल से बाहर जाने के लिए कहा गया था, लेकिन उसने इनकार करते हुए कहा था कि बाहर निकलने पर उसके दुश्मन उसकी हत्या कर देंगे.
तस्वीरों पर भी उठाए सवाल
उषा देवी ने कहा कि रात में उन्होंने जो तस्वीर देखी, उसमें सुजीत सिन्हा सड़क पर दिखाई दे रहा था, जबकि सुबह जारी तस्वीर में वह जंगल में नजर आया. उन्होंने इस विरोधाभास की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.
पोते अक्षत को इंसाफ दिलाने की मांग
उषा देवी ने कहा कि इंसानियत के नाते उनके 12 वर्षीय पोते अक्षत को न्याय मिलना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि चाईबासा जेल में बंद अक्षत की मां से मुलाकात कराने में जेल प्रशासन सहयोग नहीं कर रहा है और उसे पर्याप्त भोजन व दवा भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है.
बेटे की मानसिक स्थिति को लेकर जताई चिंता
उषा देवी का दावा है कि अक्षत बार-बार आत्महत्या करने की बात कह रहा है. उनके अनुसार, बच्चे का कहना है कि उसकी मां जेल में है और पिता की एनकाउंटर में मौत हो गई है, ऐसे में उसके पास जीने का कोई कारण नहीं बचा.
परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. परिजनों ने पूरे एनकाउंटर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.