बचाव कार्य के दौरान हुआ बड़ा हादसा
राहत और बचाव कार्य के दौरान ही एक बेहद दुखद हादसा हो गया. दमकलकर्मी जब आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे थे, तभी कंपनी की एक तरफ की दीवार और लोहे का भारी बीम अचानक उनके ऊपर गिर गया. इस हादसे की चपेट में पांच दमकलकर्मी आ गए, जिन्हें वहां मौजूद साथी कर्मचारियों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया.
दो जवानों की मौत, तीन की हालत अब खतरे से बाहर
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया. वहीं हादसे में घायल तीन अन्य दमकलकर्मियों राजपाल सिंह, मनीष कुमार और अमित कुमार का इलाज अभी अस्पताल में चल रहा है. पुलिस ने बताया है कि इलाज करा रहे तीनों जवानों की हालत अब खतरे से बाहर है.
SDRF की टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एसडीआरएफ की टीम भी फौरन मौके पर पहुंच गई. मलबे के नीचे किसी और व्यक्ति के दबे होने की आशंका को देखते हुए वहां रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. कई घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आखिरकार दमकल की टीमों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया.
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
पुलिस ने आग लगने की असली वजह का पता लगाने के लिए मामले की जांच शुरू कर दी है. दोनों शहीद दमकलकर्मियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इस दर्दनाक हादसे के बाद से ही फायर सर्विस विभाग और स्थानीय प्रशासन में शोक का माहौल है.