Seraikela: सरायकेला जिले में बालू के अवैध भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर सोमवार को चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) नितिन कुमार ने चौका थाना क्षेत्र के चांदूडीह स्थित दो लाइसेंसी बालू स्टॉक यार्डों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चौका थाना पुलिस भी मौजूद रही।
स्टॉक यार्डों के दस्तावेजों की हुई जांच
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने बालू भंडारण से संबंधित अनुमति पत्र, विभिन्न विभागों की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी), वन भूमि से निर्धारित दूरी, भंडारण क्षमता और अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी दस्तावेजों का सत्यापन कर विस्तृत प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
ग्रामीणों की शिकायत के बाद पहुंचा प्रशासन
एसडीओ नितिन कुमार ने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों की ओर से बालू स्टॉक यार्डों में संभावित अनियमितताओं की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर उपायुक्त के निर्देश पर औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) की गाइडलाइन के अनुरूप अवैध खनन, अवैध भंडारण और खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
दो लाइसेंसी स्टॉक यार्डों का हुआ निरीक्षण
सूत्रों के अनुसार, एसडीओ ने गुप्ता एंड संस और महेश्वर हेम्ब्रम के लाइसेंसी बालू स्टॉक यार्डों का निरीक्षण किया। प्रशासन को इन स्टॉक यार्डों में संभावित अनियमितताओं की शिकायत मिली थी। फिलहाल सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट में यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित नियमों के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।