मोती और मक्का मस्जिद रोड पर मची तबाही
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी वारदात मोती मस्जिद रोड और मक्का मस्जिद रोड के आसपास घटी. देर रात पहुंचे असामाजिक तत्वों ने एक के बाद एक कई लग्जरी और कमर्शियल वाहनों को निशाना बनाया. हमले में हुंडई वरना, टाटा नेक्सॉन, स्कॉर्पियो और टाटा सूमो जैसी गाड़ियों के शीशे पूरी तरह चकनाचूर कर दिए गए. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर आसानी से चंपत हो गए.
सुबह गाड़ियों की हालत देख भड़के स्थानीय लोग
मंगलवार सुबह जब वाहन मालिक अपने वाहनों के पास पहुंचे, तो गाड़ियों की दुर्दशा देखकर दंग रह गए. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. स्थानीय निवासियों ने इलाके में पुलिस की निष्क्रियता पर कड़ा ऐतराज जताया है. क्षेत्रवासियों ने हिंदपीढ़ी पुलिस प्रशासन से रात के समय नियमित गश्त (Patrolling) बढ़ाने और आरोपियों पर त्वरित कार्रवाई कर गिरफ्तारी की मांग की है.
सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस, जल्द गिरफ्तारी का दावा
घटना की सूचना मिलते ही हिंदपीढ़ी थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के व्यावसायिक परिसरों और मकानों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि उपद्रवियों का सुराग लगाया जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी बिंदुओं पर छानबीन जारी है और जल्द ही तोड़फोड़ करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन्हें जेल भेजा जाएगा.