Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र में इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम से 56 भरे हुए गैस सिलेंडरों की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सूत्रों के अनुसार, घटना के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने चोरी किए गए सभी सिलेंडर जमशेदपुर से बरामद कर लिए हैं। मामले में कई आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
गोदाम का ताला तोड़कर हुई थी चोरी
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात तिरुलडीह थाना क्षेत्र के डाटम स्थित इंडेन गैस एजेंसी के ग्रामीण वितरक के बंद गोदाम का ताला तोड़कर चोर 56 भरे हुए गैस सिलेंडर लेकर फरार हो गए थे। सोमवार सुबह गोदाम खुलने पर घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद संचालक ने तिरुलडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई।
एसआईटी ने की त्वरित कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचना के आधार पर कई स्थानों पर छापेमारी की। इसी कार्रवाई के दौरान जमशेदपुर से चोरी किए गए गैस सिलेंडर बरामद किए गए और मामले में शामिल आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
हालांकि, अब तक इस पूरी कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है। संभावना जताई जा रही है कि पुलिस अधीक्षक या चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) जल्द प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा करेंगे। सूत्रों का कहना है कि इस मामले के शीघ्र खुलासे में पुलिस की तकनीकी जांच, खुफिया इनपुट और त्वरित कार्रवाई की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फिलहाल पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।