Shibu Soren: झारखंड आंदोलन के प्रणेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर मंगलवार को उनके पैतृक गांव नेमरा में श्रद्धांजलि सभा सह विकास मेले का आयोजन किया गया. इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिशोम गुरु की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया. कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री, विधायक, स्थानीय ग्रामीण और बड़ी संख्या में समर्थकों ने श्रद्धांजलि अर्पित की.
सीएम ने किया प्रतिमा का अनावरण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया. इस अवसर पर कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं. प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी गई.
कई मंत्री और विधायक हुए शामिल
कार्यक्रम में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडे सिंह, कृषि मंत्री शिल्पा नेहा तिर्की, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री योगेंद्र महतो और संजय यादव सहित कई मंत्री मौजूद रहे. इसके अलावा विधायक अनूप सिंह, ममता देवी, अमित महतो, उमाकांत रजक समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया.
विकास मेले में योजनाओं की जानकारी
प्रतिमा अनावरण के बाद आयोजित श्रद्धांजलि सभा सह विकास मेले में राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी गई. कार्यक्रम के माध्यम से सरकारी योजनाओं के लाभ और उनके क्रियान्वयन से जुड़ी जानकारी साझा की गई.
नेताओं ने किया योगदान का स्मरण
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने अपने पूरे जीवन में जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा शोषित, वंचित और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष किया. उन्होंने कहा कि उनके विचार और आदर्श झारखंड के विकास एवं सामाजिक न्याय की दिशा में आगे भी प्रेरणा देते रहेंगे.
नेमरा में आयोजित श्रद्धांजलि सभा और विकास मेले के माध्यम से दिशोम गुरु शिबू सोरेन के सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को याद किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही और उनके संघर्ष तथा विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया गया.