Jamshedpur Olidih Chain Snatching: जमशेदपुर के ओलडीह ओपी क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन छीन ली गई थी. पुलिस ने इस घटना में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार लोगों में बादल कुमार मोहंती उर्फ बादल (26), हरप्रीत सिंह उर्फ रितिक (26) और राजा बनर्जी उर्फ बड़ा चेला (28) शामिल हैं. पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, एक देसी पिस्तौल, दो कारतूस, 40 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, एक कीपैड मोबाइल, एक डोंगल और अन्य सामान बरामद किया है.
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 1 अगस्त को मॉर्निंग वॉक कर रही एक महिला के गले से बाइक सवार लुटेरों ने सोने की चेन छीन ली थी. पीड़िता के परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई और पुलिस ने जांच शुरू कर दी.
पुलिस ने कैमरा फुटेज और तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों के बारे में पता लगाया. घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक खास टीम बनाई गई. नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में टीम ने विशेष जांच की और मुख्य आरोपी की पहचान कर ली. इसके बाद उनके ठिकानों पर छापेमारी की गई.
3 अगस्त की रात जब पुलिस को पता चला कि तीन लोग एक जर्जर क्वार्टर में एकत्र हैं और किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे हैं, तो उन्हें घेरकर गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक देसी लोडेड पिस्तौल, दो कारतूस, सोने की चेन और 40 हजार रुपये बरामद किए गए. उन्होंने पुलिस को बताया कि चेन को बिष्टुपुर के एक सुनार को बेच दिया गया था.
पुलिस को इस भी पता चला कि आरोपी एनएच-33 पर लूट की नई वारदात की तैयारी में थे. उनके खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गिरफ्तार आरोपी किसी अन्य अपराध में शामिल रहे हैं कि नहीं.