Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने अवैध खनन और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत जिला टास्क फोर्स की टीम ने गोईलकेरा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए बालू लदे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया है।
पावर ग्रिड स्टेशन के पास चलाया गया जांच अभियान
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह जिला टास्क फोर्स की टीम ने गोईलकेरा थाना क्षेत्र के पावर ग्रिड स्टेशन के समीप विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने बालू लेकर जा रहे दो ट्रैक्टरों को रोका और दस्तावेजों की जांच शुरू की। जांच के दौरान ट्रैक्टर चालकों से बालू परिवहन से संबंधित वैध माइनिंग ट्रांजिट चालान की मांग की गई, लेकिन दोनों चालक कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके अलावा बालू की ढुलाई को लेकर भी वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
बालू समेत थाने में रखे गए दोनों ट्रैक्टर
दस्तावेज नहीं मिलने के बाद टास्क फोर्स ने दोनों ट्रैक्टरों को बालू सहित जब्त कर लिया। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जब्त वाहनों को गोईलकेरा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में खनन से जुड़े नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है। जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि जिले में अवैध बालू खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी तरह की अवैध खनन गतिविधि को अनुमति नहीं दी जाएगी।