East Singhbhum Crime News: पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र के बड़बिल गांव में बकरी चोरी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से चोरी की गई तीन बकरियां भी बरामद की हैं. आरोपियों ने कथित तौर पर एक्सयूवी-500 वाहन का इस्तेमाल कर घटना को अंजाम दिया था. पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी. कार्रवाई के बाद बुधवार को गिरफ्तार तीनों युवकों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
कपाली इलाके के रहने वाले हैं तीनों आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कपाली ओपी क्षेत्र के अंसार नगर निवासी मोहम्मद राशिद (20 वर्ष), मोहम्मद इरफान (20 वर्ष) और मोहम्मद अफरोज (19 वर्ष) के रूप में हुई है. तीनों आरोपियों का संबंध अंसार नगर बस्ती और डेमडूबी इलाके से बताया गया है.
पुलिस ने बरामद की चोरी की बकरियां
गालूडीह पुलिस ने बताया कि सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा गया. पूछताछ और जांच के दौरान चोरी की गई तीन बकरियां बरामद की गईं. मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है. पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है और घटना में इस्तेमाल वाहन समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.