Palamu Police Encounter: पलामू के कोयल नदी किनारे हुए चर्चित गोलीकांड के नामजद आरोपी सुमित कुमार उर्फ सुमित चंद्रवंशी की पुलिस कस्टडी से फरार होने की कोशिश नाकाम हो गई. गुरुवार सुबह हथियार बरामदगी के लिए ले जाए जाने के दौरान उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्टल छीन ली और भागने का प्रयास किया. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई.
घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में तुरंत मेदिनीनगर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
हथियार बरामदगी के दौरान हुई घटना
पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि कुछ दिन पहले शहर थाना क्षेत्र के कोयल नदी किनारे हुई गोलीबारी में तीन लोग घायल हुए थे. इस मामले में सुमित कुमार उर्फ सुमित चंद्रवंशी नामजद आरोपी है और उसे पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था.
एसपी के अनुसार, घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी बाकी थी. इसी सिलसिले में गुरुवार को पुलिस टीम आरोपी को हथियार बरामद कराने लेकर गई थी. बरामदगी के बाद लौटते समय सदर थाना क्षेत्र के बजराहा इलाके में आरोपी ने अचानक एक पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्टल छीन ली.
पुलिस पर फायरिंग, जवाब में चली गोली
पुलिस का कहना है कि पिस्टल छीनने के बाद आरोपी भागने लगा और उसने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सुमित के पैर में गोली लग गई. घायल होने के बाद उसे दोबारा पुलिस ने हिरासत में लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया.
नई धाराओं में दर्ज होगा केस
एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि सरकारी हथियार छीनने, पुलिस पर जानलेवा हमला करने और पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश के आरोप में आरोपी के खिलाफ अतिरिक्त धाराओं में नया मामला दर्ज किया जा रहा है. घटना के बाद बजराहा और आसपास के इलाकों में पुलिस ने सघन तलाशी अभियान भी चलाया.
पहले से दर्ज है गोलीकांड का मामला
पुलिस के मुताबिक, मेदिनीनगर निवासी सुमित कुमार उर्फ सुमित चंद्रवंशी का एक आपराधिक गिरोह से संबंध बताया जाता है. कोयल नदी गोलीकांड के बाद से पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी और गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही थी.