Heavy Rain Alert Jharkhand: झारखंड में अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है. मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने राज्य के कई जिलों के लिए भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है. विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है.
मौसम विभाग के अनुसार 6 अगस्त को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, लोहरदगा, गुमला, रांची और खूंटी जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है.
इसके अलावा पूरे राज्य में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. साथ ही अधिकांश जिलों में वज्रपात की भी आशंका जताई गई है.
7 अगस्त को भी जारी रहेगा असर
मौसम विभाग ने 7 अगस्त के लिए भी पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, गुमला और खूंटी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं राज्य के सभी जिलों में तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है.
विभाग के मुताबिक 8 से 10 अगस्त के बीच भारी बारिश की संभावना कम है. हालांकि इस दौरान भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
पिछले 24 घंटे में कहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
बीते 24 घंटे के दौरान राज्य के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हुई. सबसे अधिक 110 मिलीमीटर बारिश जामताड़ा के फतेहपुर में रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा रामगढ़ और पतरातू में 92 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई.
तापमान में फिलहाल नहीं होगा बड़ा बदलाव
मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है.
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश, तेज हवा और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें तथा सुरक्षित स्थान पर ही रहें.