Ranchi News : पलामू के सांसद बीडी राम ने नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय के कुलपति दिनेश सिंह के खिलाफ एक बार फिर राज्यपाल से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है। सांसद ने आरोप लगाया है कि कुलपति ने दुर्भावनापूर्ण तरीके से एके सिंह कॉलेज के विज्ञान संकाय की संबद्धता विस्तार की अनुशंसा रद्द कराई।
सांसद ने राज्यपाल को भेजे पत्र में कहा कि एके सिंह कॉलेज के कला और वाणिज्य संकाय को वर्ष 2013 से स्थायी संबद्धता प्राप्त है, जबकि विज्ञान संकाय को प्रत्येक वर्ष अस्थायी संबद्धता मिलती रही है। उन्होंने बताया कि जनवरी 2024 से वह कॉलेज के अध्यक्ष हैं और उनके कार्यकाल में लाइब्रेरी एवं प्रयोगशाला जैसी बुनियादी सुविधाओं में सुधार हुआ। साथ ही मई 2025 में कॉलेज को NAAC से ग्रेड-सी भी प्राप्त हुआ।
संबद्धता रद्द करने और सूचना नहीं देने का आरोप
सांसद का आरोप है कि इन उपलब्धियों के बावजूद कुलपति ने विज्ञान संकाय की संबद्धता बढ़ाने का प्रस्ताव विश्वविद्यालय सिंडिकेट से रद्द करा दिया। उन्होंने यह भी कहा कि इस निर्णय की जानकारी समय पर कॉलेज के प्राचार्य को नहीं दी गई।
प्राचार्य नियुक्ति और शासी निकाय विवाद का भी किया जिक्र
अपने पत्र में सांसद ने आरोप लगाया कि पहले तत्कालीन प्राचार्य सूर्यमणि सिंह को पीएचडी नहीं होने के आधार पर हटाने का निर्देश दिया गया, जबकि अन्य कॉलेजों में ऐसे प्राचार्य अब भी कार्यरत हैं। इसके बाद नए प्राचार्य की नियुक्ति को लेकर भी विवाद उत्पन्न हुआ।
सांसद ने आरोप लगाया कि कुलपति अपने पसंद के व्यक्ति को प्राचार्य बनाना चाहते थे। जब शासी निकाय ने नियमों का हवाला देते हुए ऐसा करने से इनकार किया तो उसे भंग कर दिया गया। बाद में राज्यपाल के हस्तक्षेप के बाद शासी निकाय को पुनः बहाल किया गया।