Bokaro News: बोकारो के चास थाना क्षेत्र के गुजरात कॉलोनी के रहने वाले 82 साल के बुजुर्ग नरेंद्र कुमार सिन्हा साइबर ठगी का शिकार हो गए. शातिर ठगों ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए खुद को HDFC बैंक का अधिकारी बताया और उनके क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा दिया.
व्हाट्सएप पर “HI” भेजते ही मोबाइल हुआ हैक
बातचीत के दौरान ठग ने उनसे व्हाट्सएप पर सिर्फ "HI" लिखकर भेजने को कहा. जैसे ही बुजुर्ग ने मैसेज भेजा, उनका मोबाइल फोन हैक हो गया और ठगों ने धोखाधड़ी को अंजाम दे दिया. मामले की जानकारी मिलने के बाद से पीड़ित परेशान हैं और पुलिस जांच में जुट गई है.

केवल दो घंटे में लाखों रुपये खाते से निकाल लिए गए
मोबाइल हैक होने के बाद दो घंटे में ही उनके बैंक खाते और HDFC और ICICI के क्रेडिट कार्ड से लगभग 7.65 लाख रुपये निकाल लिए गए. पीड़ित ने तुरंत साइबर थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने तकनीकी जांच की और बैंकों के साथ मिलकर 40 दिनों के भीतर 7 लाख से अधिक राशि वापस कर दी. आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है.
संदिग्ध कॉल और मैसेज पर ध्यान रखें
डीएसपी पवन कुमार ने लोगों से कहा है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या मैसेज पर भरोसा न करें. अगर आपके साथ साइबर ठगी हो गई है तो तुरंत साइबर थाने या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाएं. इससे समय रहते कार्रवाई की जा सकती है और नुकसान कम किया जा सकता है.