Jharkhand SIR 2026: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत 6 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची (ड्राफ्ट वोटर लिस्ट) प्रकाशित कर दी गई है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के मुताबिक, इस ड्राफ्ट सूची में राज्य के 2 करोड़ 21 लाख 1 हजार 249 मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं.
निर्वाचन विभाग ने बताया कि सत्यापन प्रक्रिया के तहत 63 लाख 24 हजार 116 मतदाताओं को नोटिस जारी किया जाएगा. इन मतदाताओं के रिकॉर्ड में अलग-अलग प्रकार की विसंगतियां सामने आई हैं, जिनकी जांच की जानी है.
अलग-अलग कारणों से होगा सत्यापन
जारी आंकड़ों के अनुसार, 14 लाख 3 हजार 205 मतदाताओं का रिकॉर्ड सही तरीके से मैप नहीं हो पाया है. ऐसे सभी मतदाताओं को सत्यापन के लिए नोटिस भेजा जाएगा.
इसके अलावा 3 लाख 65 हजार 684 मतदाताओं के रिकॉर्ड में जनांकिकीय समानता (Demographic Similarity) पाई गई है. यानी रिकॉर्ड में डुप्लीकेट जैसी स्थिति होने की आशंका है. ऐसे मामलों का भी अलग से सत्यापन किया जाएगा.
वहीं सबसे अधिक 45 लाख 55 हजार 227 मतदाताओं को रिकॉर्ड में पाई गई तार्किक (Logical) विसंगतियों के कारण नोटिस जारी करने की तैयारी है.
फॉर्म की जांच अभी भी जारी
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदाताओं द्वारा जमा किए गए एन्यूमरेशन फॉर्म की जांच अभी पूरी नहीं हुई है. यदि जांच के दौरान किसी मतदाता की पात्रता को लेकर संदेह उत्पन्न होता है, तो संबंधित व्यक्ति को भी सत्यापन के लिए नोटिस भेजा जाएगा.
आयोग ने यह भी बताया कि फॉर्म-6, फॉर्म-6A, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के तहत प्राप्त आवेदनों की जांच और सत्यापन की प्रक्रिया भी लगातार जारी है.