Jamshedpur Crime: झारखंड के जमशेदपुर से अपराध की एक बड़ी खबर सामने आई है. बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टार टॉकीज के पास गुरुवार देर रात स्क्रैप चोरी का विरोध करने पर बेखौफ बदमाशों ने एक कारोबारी पर घातक हथियार (चापड़) से हमला कर दिया. पीड़ित ने किसी तरह अपनी जान बचाई, जिसके बाद हमलावर उनके पास मौजूद नकदी लेकर फरार हो गए. घटना के संबंध में पीड़ित ने बर्मामाइंस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
डंपर से स्क्रैप चुरा रहे थे बदमाश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित कारोबारी की पहचान जुगसलाई निवासी राजू जायसवाल के रूप में हुई है, जिनका बर्मामाइंस इलाके में स्क्रैप का डिपो है. राजू जायसवाल ने बताया कि गुरुवार रात करीब 11 बजे वह बिष्टुपुर से स्क्रैप लदा एक डंपर अपने डिपो की ओर भेज रहे थे और खुद अपनी कार से उस डंपर के पीछे चल रहे थे. जब डंपर स्टार टॉकीज के समीप पहुँचा, तो उन्होंने देखा कि दो-तीन अज्ञात युवक डंपर पर चढ़कर स्क्रैप चुरा रहे हैं.
विरोध करने पर जेब से छीने पैसे और किया वार
कारोबारी ने जब गाड़ी रोककर चोरी का विरोध किया और युवकों को टोका, तो बदमाश आक्रामक हो गए और उनसे मारपीट करने लगे. इसी दौरान एक बदमाश ने जबरन उनकी जेब से लगभग तीन हजार रुपये निकाल लिए, जबकि दूसरे आरोपी ने उन पर चापड़ से हमला कर दिया. राजू जायसवाल ने किसी तरह खुद को बचाया और मौके से भागकर अपनी जान बचाई.
जांच में जुटी बर्मामाइंस पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों के हुलिए के आधार पर उनकी पहचान करने की कोशिश में लगी है. पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी.