Dhanbad News: धनबाद नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 38 के ऊपर डुमरी में हनुमान मंदिर के पास निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन को लेकर विवाद सामने आया है. स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि जिला प्रशासन की अनुमति और अंचल स्तर से जारी एनओसी के आधार पर भवन का निर्माण कराया जा रहा था. गुरुवार को टाटा कंपनी की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) ने कथित तौर पर बिना पूर्व नोटिस के भवन की दीवार गिरा दी.
NOC के बाद शुरू हुआ था निर्माण
आंगनबाड़ी सेविका चंपा देवी और स्थानीय निवासी भीम महतो, सुरेश महतो व शंभू महतो के अनुसार, डीसी और बीडीओ के निर्देश तथा सीओ की एनओसी मिलने के बाद भवन का निर्माण शुरू कराया गया था. ग्रामीणों की सहमति से संवेदक ने काम शुरू किया था. वार्ड 38 के पार्षद जय कुमार के मुताबिक, निर्माण शुरू होने के करीब 15 से 20 दिन बाद QRT की टीम मौके पर पहुंची और निर्माण को लेकर आपत्ति जताई.
बारिश के बीच दीवार गिराने का आरोप
पार्षद जय कुमार के अनुसार, QRT की ओर से एनओसी दिखाने और एक दिन के लिए निर्माण रोकने की बात कही गई थी. इसके बाद कागजी प्रक्रिया पूरी करने की बात कही गई, लेकिन गुरुवार को तेज बारिश के दौरान टीम दोबारा मौके पर पहुंची और निर्माणाधीन भवन की दीवार गिरा दी. उनका दावा है कि कार्रवाई के समय करीब 40 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका था. स्थानीय महिलाओं और ग्रामीणों ने इसका विरोध भी किया.
सरकारी राशि के नुकसान का लगाया आरोप
जय कुमार ने कहा कि यदि निर्माण को लेकर आपत्ति थी तो शुरुआत में ही काम रुकवाया जा सकता था. उनके अनुसार, करीब 40 प्रतिशत निर्माण पूरा होने के बाद कार्रवाई किए जाने से सरकारी राशि के नुकसान की आशंका है. घटना के बाद टाटा के संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन अधिकारियों के छुट्टी पर होने की जानकारी मिली. फिलहाल पूरे मामले में टाटा कंपनी या प्रशासन की ओर से आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है.