JEE NEET Coaching Jharkhand: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव ने अनुसूचित जनजाति (ST), अनुसूचित जाति (SC) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर सरकार से महत्वपूर्ण सवाल पूछा. उन्होंने जानना चाहा कि क्या ST और SC विद्यार्थियों की तरह OBC वर्ग के छात्रों को भी JEE, NEET और सिविल सेवा जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की कोई व्यवस्था है.
ST और SC विद्यार्थियों को मिल रही ये सुविधाएं
सरकार की ओर से सदन में बताया गया कि झारखंड अनुसूचित जनजाति शिक्षण कार्यक्रम के तहत ST छात्र-छात्राओं को JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क आवासीय कोचिंग दी जा रही है. इसके अलावा UPSC द्वारा आयोजित सिविल सेवा मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू की तैयारी के लिए ST और SC वर्ग के अभ्यर्थियों को एकमुश्त 1.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाती है.
OBC छात्रों को योजना में शामिल करने पर सरकार का जवाब
प्रदीप यादव ने कहा कि राज्य में OBC वर्ग की बड़ी आबादी है और आर्थिक रूप से कमजोर इस वर्ग के कई छात्र भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में कठिनाइयों का सामना करते हैं. उन्होंने सरकार से पूछा कि क्या भविष्य में OBC विद्यार्थियों को भी इन योजनाओं का लाभ देने पर विचार किया जा रहा है.
सरकार ने जवाब में बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में OBC छात्र-छात्राओं के लिए कोचिंग एंड एलाइड मद के तहत 100 लाख रुपये का बजट प्रावधान किया गया है.
UPSC सहायता योजना पर फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि OBC अभ्यर्थियों को UPSC सिविल सेवा मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार की तैयारी के लिए आर्थिक सहायता देने का फिलहाल कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है.