Jamshedpur: सिंहभूम डाक मंडल की ओर से शुक्रवार को TRF कंपनी लिमिटेड परिसर में डाक विभाग की विभिन्न जन-उपयोगी योजनाओं और सेवाओं को लेकर विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कंपनी के करीब 200 अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया तथा डाक विभाग की बचत योजनाओं, बीमा सेवाओं और अन्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
सुरक्षित निवेश और बीमा योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम की शुरुआत "नमस्कार, शुभ प्रभात, जोहार" के स्वागत संदेश के साथ हुई। इस दौरान डाक विभाग के अधिकारियों ने केंद्र सरकार की सुरक्षित बचत योजनाओं, पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (PLI) और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) की विशेषताओं और लाभों की विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि ये योजनाएं केवल निवेश का माध्यम नहीं, बल्कि परिवार के भविष्य को सुरक्षित करने का भरोसेमंद विकल्प भी हैं।
कर्मचारियों को मौके पर मिली कई सुविधाएं
जागरूकता कार्यक्रम के साथ-साथ कर्मचारियों की सुविधा के लिए विशेष सेवा काउंटर भी लगाया गया, जहां कई लोगों ने अपने पहचान संबंधी दस्तावेजों में आवश्यक सुधार कराए। इसके अलावा परिसर में पवित्र गंगाजल का स्टॉल और डाक टिकट संग्रह (फिलाटेली) की लघु प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसने कर्मचारियों का ध्यान आकर्षित किया। कई लोगों ने पारंपरिक पत्राचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पोस्टकार्ड और अंतर्देशीय पत्र भी खरीदे।
TRF प्रबंधन का जताया आभार
सिंहभूम डाक मंडल ने इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए TRF लिमिटेड के कौशिक, स्वस्ति मजूमदार और उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। अधिकारियों ने कहा कि उनके सहयोग से "डाकघर आपके द्वार" पहल को सफलतापूर्वक साकार किया जा सका।
इन अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका
कार्यक्रम में सिंहभूम डाक मंडल की ओर से इंस्पेक्टर (कस्टमर सैटिस्फैक्शन) सुचित रंजन, रिलेशनशिप मैनेजर निशांत कुमार, उज्ज्वल दास गुप्ता, राम प्रवेश पंडित, देबाशीष औश, उमा शंकर, एमटीएस धनंजय कुंभकार, सिस्टम एडमिन सुनील कुमार दास तथा आधार ऑपरेटर राम कृष्णा महतो ने कर्मचारियों को विभिन्न सेवाओं की जानकारी देने के साथ उनकी सहायता भी की। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को डाक विभाग की आधुनिक और भरोसेमंद सेवाओं से जोड़ना तथा सुरक्षित वित्तीय भविष्य के प्रति जागरूक करना रहा।