Aftab Alam Murder Case: जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे कंटेनर यार्ड के पास बीते 2 अगस्त की रात मोहम्मद आफताब आलम पर जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध गोलियां चलाई गई थीं. गंभीर रूप से घायल आफताब की इलाज के दौरान कोलकाता के अस्पताल में मौत हो गई थी. इस जघन्य वारदात के बाद गठित विशेष जांच दल (SIT) ने कार्रवाई करते हुए बर्मामाइंस स्थित बैचिंग प्लांट में छापेमारी कर हत्याकांड में शामिल मुख्य शूटरों और षड्यंत्रकारियों को गिरफ्तार कर लिया है.
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हत्याकांड में शामिल मुख्य शूटर शहबाज उर्फ मो. शहबाज उर्फ भोंदू, मो. रेहान उर्फ अब्दुल रेहान और शेख रहीम को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में शामिल दो विधि-विरुद्ध किशोरों को भी निरुद्ध किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों और किशोरों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त 1 देशी पिस्तौल, 2 जिंदा गोलियां, 1 मैगजीन और 2 हीरो कंपनी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं.
पुलिस जांच में पकड़े गए मुख्य आरोपी शहबाज उर्फ भोंदू और मो. रेहान का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. शहबाज उर्फ भोंदू के खिलाफ बर्मामाइंस और परसुडीह थाना क्षेत्र में मारपीट, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट के कई मामले पहले से दर्ज हैं. इसी तरह मो. रेहान के खिलाफ भी सिदगोड़ा और बर्मामाइंस थाने में जानलेवा हमला, रंगदारी और हथियार चमकाने जैसे गंभीर अपराधों के मामले लंबित हैं.
बता दें कि इस मामले में पूर्व में भी मुख्य षड्यंत्रकारी मो. समद और कुलसूम बीबी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.