Jamshedpur News: रेलवे यात्रियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे "ऑपरेशन यात्री सुरक्षा" के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी टाटानगर की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है. साउथ बिहार एक्सप्रेस के एसी कोच से चोरी हुए करीब 70 हजार रुपये कीमत के सैमसंग मोबाइल फोन को बरामद करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है.
चक्रधरपुर मंडल के मंडल सुरक्षा आयुक्त और रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के निर्देश पर शुक्रवार, 7 अगस्त 2026 की रात टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में विशेष जांच और गश्ती अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान अधिकारियों को सूचना मिली कि साउथ बिहार एक्सप्रेस के सेकेंड एसी कोच में यात्रा कर रहे एक यात्री का महंगा मोबाइल फोन चोरी हो गया है.
सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने पूरे स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच शुरू की. फुटेज का विश्लेषण करने पर एक संदिग्ध युवक की गतिविधियां सामने आईं. इसके बाद टीम ने स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्मों पर घेराबंदी करते हुए तलाशी अभियान चलाया.
कुछ ही देर बाद प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 पर मौजूद एक संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की गई. उसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे से वही सैमसंग मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसकी चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई थी.
पकड़े गए आरोपी की पहचान खैरुल शेख (27 वर्ष) के रूप में हुई है. वह पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले का रहने वाला है. बरामद मोबाइल जब्त करने के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर (जीआरपी) को सौंप दिया गया.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई पोस्ट कमांडर, रेलवे सुरक्षा बल टाटानगर और जीआरपी थाना प्रभारी के पर्यवेक्षण में आरपीएफ के एएसआई बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने की.
रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान और कीमती वस्तुओं का विशेष ध्यान रखें. यदि स्टेशन या ट्रेन में कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत RPF या जीआरपी को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.