AJSU Youth Convention: युवा आजसू के दो दिवसीय राज्य स्तरीय अधिवेशन का पहला दिन शुक्रवार को सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल में जोश और उत्साह के बीच संपन्न हुआ. राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे युवा प्रतिनिधियों ने संगठन को मजबूत करने और झारखंड के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो मौजूद रहे. उनके साथ मांडू विधायक निर्मल महतो, पूर्व मंत्री एवं केंद्रीय प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस तथा गोमिया के पूर्व विधायक एवं केंद्रीय महासचिव डॉ. लंबोदर महतो भी मंच पर उपस्थित रहे.
"संघर्ष से बनता है नेतृत्व, विरासत से नहीं"
युवाओं को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड के भविष्य की दिशा तय करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी अब युवा पीढ़ी के कंधों पर है. उन्होंने कहा कि नेतृत्व किसी विरासत से नहीं, बल्कि संघर्ष, समर्पण और समाज के बीच काम करने से तैयार होता है.
उन्होंने कहा कि युवा अधिवेशन केवल संगठन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि झारखंड के भविष्य की दिशा तय करने वाला वैचारिक मंच है. आजसू पार्टी चाहती है कि युवा केवल कार्यकर्ता बनकर न रहें, बल्कि नीति निर्माण, सामाजिक परिवर्तन और राजनीतिक नेतृत्व की मुख्यधारा में अपनी मजबूत भागीदारी निभाएं.
सुदेश महतो ने कहा कि जब तक युवा नेतृत्व की जिम्मेदारी अपने हाथों में नहीं लेंगे, तब तक राज्य की तस्वीर और तकदीर में बड़ा बदलाव संभव नहीं है. उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी युवाओं को नेतृत्व देने की अपनी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रही है और यही इस अधिवेशन का मूल उद्देश्य है. उन्होंने यह भी कहा कि चुनावी परिणाम चाहे जो रहे हों, आजसू ने हमेशा झारखंड के विकास की राजनीति को अलग पहचान देने का काम किया है. इस अधिवेशन के माध्यम से संगठन भविष्य के मजबूत नेतृत्व को तैयार करना चाहता है.
युवा सशक्तिकरण से लेकर स्वरोजगार तक पर मंथन
अधिवेशन के दौरान युवा सशक्तिकरण, आर्थिक आत्मनिर्भरता, राजनीतिक भागीदारी, स्वरोजगार, संगठन विस्तार और सामाजिक नेतृत्व जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई. कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किए गए.
कई नेताओं ने रखे अपने विचार
कार्यक्रम को केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो, प्रो. रविशंकर मौर्य, संजय मेहता, युवा आजसू के प्रदेश संयोजक टिकैत महतो, अब्दुल जब्बार, पीयूष चौधरी, रविन्द्र ठाकुर, उज्जवल महतो, जमशेदपुर जिला संयोजक मंटू शुक्ला और राधिका साहू समेत कई नेताओं ने संबोधित किया.
कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय सचिव हरीश कुमार ने किया.
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
अधिवेशन में केंद्रीय महासचिव उमेश सिंह भोगता, केंद्रीय सचिव चंद्रगुप्त सिंह, डोमन टुडू, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, जमशेदपुर जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह, जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी, आजसू छात्रसंघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज सिंह, सचिव अंजू तिर्की, करण महतो, प्रताप सिंह, अमित यादव, राजकिशोर महतो समेत बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए.