Ranchi News : JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच के प्रतिनिधि शनिवार को सरकार के साथ वार्ता के लिए राजकीय अतिथिशाला पहुंचे। सरकार से बातचीत के लिए मंच की ओर से सात प्रतिनिधियों का चयन किया गया है। प्रतिनिधियों के पहुंचने के बाद संबंधित मंत्री भी अतिथिशाला पहुंचे और उनके साथ बैठक शुरू हुई।
सात प्रतिनिधियों ने रखी अभ्यर्थियों की मांगें
अभ्यर्थी न्याय मंच की ओर से चुने गए सात प्रतिनिधि बैठक में सरकार के समक्ष JPSC और JSSC परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों और अभ्यर्थियों की मांगों को रखेंगे। बैठक को लेकर अभ्यर्थियों में भी उम्मीद जगी है कि सरकार उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करेगी।
इससे पहले सरकार ने JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच से जुड़े अभ्यर्थियों के प्रतिनिधियों के साथ भी बातचीत की थी। माना जा रहा है कि उसी तर्ज पर आज अभ्यर्थी न्याय मंच की मांगों को भी सरकार सुनेगी और समाधान की दिशा में चर्चा की जाएगी।
NSUI और युवा कांग्रेस के प्रतिनिधियों को भी बुलाया गया
जानकारी के अनुसार बैठक में NSUI और युवा कांग्रेस के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। समाचार लिखे जाने तक सरकार और अभ्यर्थी न्याय मंच के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत जारी थी। बैठक में क्या निष्कर्ष निकलता है और सरकार की ओर से अभ्यर्थियों की मांगों पर क्या आश्वासन दिया जाता है, इसकी तस्वीर वार्ता पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।