दुकान बंद कर घर लौटते समय रास्ते में घेरा
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृत्युंजय कुमार रोज की तरह अपनी ज्वेलरी शॉप बंद करके बाइक से अपने घर जा रहे थे. जैसे ही वे बारा गांव के पास पहुंचे, सड़क किनारे पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन्हें जबरन रोक लिया और उन पर हमला बोल दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले. लहुलुहान पड़े व्यापारी को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तुरंत शेरघाटी स्थित अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है.
घटनास्थल पर पहुंचे डीएसपी, खंगाले सुराग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्यालय डीएसपी सुनील कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और वहां से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए. इसके साथ ही आसपास के लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर घटना के कारणों और कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया गया.
पुलिस का क्विक एक्शन, 2 संदिग्ध हिरासत में, तीसरे की तलाश जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की और दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया. डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि इस वारदात में कुल तीन अपराधी शामिल थे. पकड़े गए दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि हमले के पीछे की मुख्य वजह और फरार तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है, जल्द ही पूरी वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा.