Jamshedpur: जमशेदपुर के जुगसलाई गोशाला के पास स्थित चर्चित होटल साहू को जिला प्रशासन ने हाईकोर्ट के आदेश के बाद अपने कब्जे में ले लिया है। शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में भवन को खाली कराया गया। इसके बाद पूरे भवन को सील कर दिया गया और धालभूम के एसडीएम अन्वेष मिश्रा को इसका कस्टोडियन नियुक्त किया गया है।
2008 में हुई थी संपत्ति की नीलामी
जानकारी के अनुसार, साहू परिवार ने उक्त भवन को बिहार स्टेट फाइनेंस कॉरपोरेशन के पास गिरवी रखकर ऋण लिया था। ऋण की राशि नहीं चुकाए जाने के बाद वर्ष 2008 में कॉरपोरेशन ने संपत्ति की नीलामी कर दी थी। नीलामी में विमला डे ने भवन खरीदा, लेकिन उन्हें संपत्ति का कब्जा नहीं मिल सका। इसके बाद मामला न्यायालय पहुंचा। हाईकोर्ट ने जिला प्रशासन को भवन खाली कराकर संबंधित पक्ष को कब्जा दिलाने का निर्देश दिया।
नोटिस के बाद प्रशासन ने की कार्रवाई
हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन की ओर से भवन खाली करने का नोटिस जारी किया गया था। निर्धारित अवधि में भवन खाली नहीं होने पर शुक्रवार को प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू की। इस दौरान भवन में मौजूद सामान की सूची तैयार की गई और साहू परिवार के सदस्यों से उस पर हस्ताक्षर भी कराए गए। प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रशासन ने भवन को अपने कब्जे में लेकर सील कर दिया। मामले में 3 अगस्त को हाईकोर्ट में अगली सुनवाई प्रस्तावित है। तब तक होटल साहू का भवन जिला प्रशासन की निगरानी में रहेगा। धालभूम एसडीएम अन्वेष मिश्रा को कस्टोडियन के तौर पर भवन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्रवाई के दौरान मौजूद रहे अधिकारी
कब्जा लेने की कार्रवाई के दौरान एसडीएम अन्वेष मिश्रा, कार्यपालक दंडाधिकारी, अंचलाधिकारी, जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सहित पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन के अनुसार, पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से पूरी की गई।